Breaking

Friday, August 4, 2023

प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर कांग्रेस ने उठाए सवाल


 भोपाल। मध्यप्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं है। मप्र देश का इकलौता राज्य है, जहां बहन-बेटियों को सबसे ज्यादा खतरा सत्ताधारी पार्टी के नेताओं और उनके चमचों से है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2021 में मप्र में हर रोज 8 बच्चियों सहित 17 महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं घटित हुई है। चाइल्ड क्राइम में भी एमपी टॉप पर है। हर तीन घंटे में एक मासूम के साथ रेप हो रहा है। 

मध्य प्रदेश कांग्रेस महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही मे मां शारदा की पवित्र नगरी मैहर में 13 साल की बच्ची के साथ निर्भया कांड की तरह बर्बरता की गई। इससे पहले नेमावर में भाजपा नेता द्वारा आदिवासी बच्ची के साथ बलात्कार और परिवार के पांच लोगों को जिंदा जमीन में गाड़ देने की घटना कोई नहीं भूला है। हाल ही में जबलपुर में भाजपा नेता ने वेदिका ठाकुर की हत्या कर दी। इसी तरह पिछले दिनों दतिया में दो सगी बहनों में से एक के साथ दुष्कर्म और दूसरी बहन के साथ छेड़छाड़ में भाजपा नेता का नाम सामने आया है। विभा पटेल ने कहा कि इस तरह की महिला विरोधी हरकतों के बाद प्रदेष के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को अपने पद से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था।

No comments:

Post a Comment

Pages